
अब तक आपने सुना होगा कि लोग AI चैटबॉट को दोस्त, पार्टनर या पति-पत्नी का दर्जा देते हैं। लेकिन अब AI ने राजनीति की दुनिया में भी इतिहास रच दिया है। बाल्कन देश अल्बानिया ने दुनिया का पहला AI मंत्री नियुक्त किया है। इस वर्चुअल मंत्री का नाम ‘डिएला’ है, जिसका मतलब अल्बानियाई भाषा में ‘सूरज’ होता है।
डिएला को सरकारी पब्लिक प्रोक्योरमेंट (टेंडर प्रक्रिया) संभालने की जिम्मेदारी दी गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को खत्म करना है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एदी रामा ने अपनी नई कैबिनेट की घोषणा करते हुए कहा कि डिएला किसी भी तरह के दबाव, धमकी या पक्षपात से प्रभावित नहीं होगी। उनका दावा है कि डिएला के आने से सरकारी टेंडर पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त हो जाएंगे।
अल्बानिया लंबे समय से भ्रष्टाचार की समस्या से जूझ रहा है, खासकर सरकारी प्रोजेक्ट्स और टेंडर प्रक्रिया में। ड्रग और हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह भी इस सिस्टम में घुसपैठ कर चुके हैं। यही वजह है कि अल्बानिया को यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने में लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रामा का लक्ष्य है कि 2030 तक अल्बानिया EU का सदस्य बने, और डिएला की नियुक्ति इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
डिएला अल्बानिया के लिए नया चेहरा नहीं है। इसे इस साल की शुरुआत में e-Albania प्लेटफॉर्म पर वर्चुअल असिस्टेंट के रूप में लॉन्च किया गया था। पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक पहने डिएला आवाज से कमांड ले सकती है और सरकारी दस्तावेजों से जुड़ी सेवाओं में मदद करती रही है।
हालांकि, सरकार ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि डिएला के फैसलों पर इंसानी निगरानी कितनी होगी। साथ ही, अगर कोई इस AI सिस्टम को हैक करने या गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश करता है, तो उससे निपटने के लिए क्या उपाय किए गए हैं—इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। तकनीक जितनी उन्नत है, उसके जोखिम भी उतने ही बड़े हो सकते हैं।