अस्पताल में एक अविवाहित युवती ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उसकी मौत हो गई। इस बीच नवजात के कथित पिता ने बच्चे को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने बाल कल्याण समिति (CWC) को लिखित सूचना भेजी है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, युवती की डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने से उसकी मृत्यु हो गई। पहले कथित पिता ने नवजात को घर ले जाने की सहमति जताई थी, लेकिन बाद में उसने अपना फैसला बदल लिया। इस घटनाक्रम के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिससे बच्चे की जिम्मेदारी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
डॉक्टरों का कहना है कि नवजात को लंबे समय तक NICU वार्ड में रखना संभव नहीं है। ऐसे में अस्पताल ने समिति से अनुरोध किया है कि शिशु को अस्थायी रूप से शिशुगृह में स्थानांतरित किया जाए।
बाल कल्याण समिति की सदस्य नीता कंडपाल ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन को निर्देश दिए गए हैं कि नवजात का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। इसके बाद समिति शिशु के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आगे की कानूनी और संरक्षण संबंधी कार्रवाई करेगी।