उधम सिंह नगर: दिनेशपुर क्षेत्र में सोमवार को एक विवाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब एक महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और दूल्हे को अपना पति बताते हुए शादी रुकवाने की मांग करने लगी। महिला का आरोप है कि युवक उससे बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, कस्बे में युवक का विवाह कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गदरपुर माजरा हसन निवासी महिला थाने पहुंची और अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महिला उपनिरीक्षक सोनिका जोशी पुलिस टीम के साथ विवाह स्थल पर पहुंचीं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही विवाह की रस्में पूरी हो चुकी थीं।
पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों से पूछताछ कर स्थिति को शांत कराया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
पुलिस ने दूल्हा पक्ष को बताया कि पहली पत्नी के रहते बिना तलाक दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है। वहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे धोखे में रखकर दूसरा विवाह कर रहा है। दूसरी ओर, दूल्हा पक्ष का कहना था कि पति-पत्नी पिछले छह वर्षों से अलग रह रहे हैं और यह फैसला पंचायत के माध्यम से हुआ था, लेकिन वे कोई वैध तलाक के दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को न्यायालय में मामला दर्ज कराने की सलाह दी। पुलिस का कहना है कि यह मामला पारिवारिक न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।