Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक नशे में धुत ट्रक चालक ने नेशनल हाईवे-109 पर कई वाहनों को टक्कर मार दी। खनन सामग्री से लदे ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक ने सबसे पहले तेल डिपो के पास एक ऑटो (टेंपो) को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए एक स्कॉर्पियो व बरेली नंबर की कार को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान एक बाइक सवार भी ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर से सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु कैंची धाम से दर्शन कर दिल्ली और यूपी लौट रहे थे। संयोग से सभी लोग सुरक्षित बच गए।
लगातार टक्करों के बाद हाईवे पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को लालकुआं बाजार से पहले फ्लाईओवर के पास रुकवाया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लौटानी मौके पर पहुंचे और प्रशासन से तेज रफ्तार व ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पहले भी इस मुद्दे को उठाया जा चुका है, लेकिन ठोस कदम न उठाए जाने से हादसे दोहराए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।