हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लक्सर ओवरब्रिज पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिस हिरासत में मौजूद मोस्ट वांटेड अपराधी विनय त्यागी को गोलियां लगी हैं। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, विनय त्यागी को रुड़की से लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। इसी दौरान लक्सर ओवरब्रिज पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उस पुलिस वाहन को निशाना बनाया, जिसमें विनय त्यागी बैठा था। हमले में विनय त्यागी को दो से तीन गोलियां लगने की सूचना है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल विनय त्यागी को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि विनय त्यागी पर लूट, डकैती सहित 40 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायरिंग की इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। रास्ते में जाम के दौरान अज्ञात बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग की, जिसमें पेशी पर ले जाए जा रहे आरोपी विनय त्यागी को दो गोलियां लगी हैं। घायल आरोपी को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
एसपी देहात ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस आरोपी पर हमला हुआ है, वह एक हार्डकोर क्रिमिनल है।
वहीं, जब एसपी देहात से पूछा गया कि क्या विनय त्यागी का संबंध सुनील राठी गैंग से है, तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।