Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून। न्यू ईयर और 31 दिसंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जनपद के सभी होटल संचालकों, कार्यक्रम आयोजकों और प्रतिष्ठान स्वामियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और फायर सेफ्टी को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आयोजन से पूर्व फायर सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए और सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को चालू अवस्था में रखा जाए। निर्धारित समय सीमा के बाद लाउड म्यूजिक बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही आयोजन स्थलों पर सभी सुरक्षा मानकों का समय से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि प्रतिष्ठानों में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए और सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं। किसी भी प्रकार के विवाद, अवैध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने सभी होटल और आयोजकों को सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और विदेशी नागरिकों के ठहरने या आने की सूचना स्थानीय अभिसूचना इकाई को देने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों के स्टाफ को पर्यटकों और आगंतुकों के साथ शालीन व्यवहार रखने की हिदायत दी गई है।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि न्यू ईयर का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जाए। शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।