नैनीताल जिले के हल्द्वानी में चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। चंदन अस्पताल में अब रोबोटिक मशीनों की मदद से सर्जरी की जाती है और इस तकनीक से अब तक चार मरीजों के सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

चंदन अस्पताल के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. परवेज अहमद ने बताया कि रोबोटिक तकनीक से रिनल सिस्ट डिकार्टिकेशन (गुर्दे की सर्जरी), रोबोटिक हर्नियोप्लास्टी (हर्निया ऑपरेशन) और रोबोटिक हिस्टरेक्टॉमी (गर्भाशय की सर्जरी) जैसी जटिल शल्य क्रियाएं सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सा क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है।
डॉ. परवेज ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी में छोटे चीरे लगते हैं, जिससे रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा कम रहता है। साथ ही मरीज की रिकवरी भी तेज होती है और ऑपरेशन के बाद दर्द भी कम होता है।
चंदन अस्पताल में स्थापित वर्सियस रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम अत्याधुनिक थ्री-डी हाई-डेफिनिशन विज़न और आधुनिक उपकरणों से लैस है। इससे न केवल हल्द्वानी बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। डॉ. परवेज ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य कुमाऊं के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उनका बेहतर और सुरक्षित उपचार सुनिश्चित हो सके।