देहरादून (उत्तराखंड)। राजधानी देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के बाद से न्याय की मांग जोर पकड़ रही है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मृतक छात्र का अंतिम संस्कार 27 दिसंबर को त्रिपुरा में संपन्न हुआ। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार से फोन पर बातचीत कर न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
![]()
सीएम की बातचीत:
मुख्यमंत्री धामी ने एंजेल चकमा के पिता, तरुण प्रसाद चकमा से बात कर बेटे की निर्मम हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को कानून के तहत सजा दिलाई जाएगी।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई:
धामी ने बताया कि अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी नेपाल फरार होने की आशंका में है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है और विशेष टीमें गठित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस घटना से व्यक्तिगत रूप से आहत हैं और पीड़ित परिवार के दुःख को भलीभांति समझते हैं।
घटना समाज के लिए पीड़ादायक:
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड एक शांतिप्रिय राज्य है, जहां देश और विदेश से छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। इस प्रकार की घटना न केवल प्रदेश बल्कि पूरे समाज के लिए दर्दनाक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
केंद्र और त्रिपुरा सरकार से समन्वय:
सीएम ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की हर संभव मदद के लिए त्रिपुरा सरकार के साथ समन्वय किया जा रहा है और राज्य सरकार हर स्तर पर सहयोग दे रही है।