उत्तराखंड: यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, अल्मोड़ा हादसे में 7 लोगों की मौत, 12 घायल
अल्मोड़ा/रामनगर। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट तहसील अंतर्गत भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर द्वाराहाट से रामनगर जा रही यात्रियों से भरी केएमओयू की बस अनियंत्रित होकर सैलापानी बैंड के पास गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, इस दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दुर्घटनाग्रस्त बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की है, जिसका पंजीकरण नंबर यूके 07 पीए 4025 बताया जा रहा है। बस सोमवार सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए चली, लेकिन लगभग सुबह 8 बजे सैलापानी बैंड के पास हादसे का शिकार हो गई। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें तत्काल मौके पर भेज दी गई थीं। सभी घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान गोविंद बल्लभ (80 वर्ष), पार्वती देवी (75 वर्ष), रिटायर्ड सूबेदार नंदन सिंह (65 वर्ष), तारा देवी (50 वर्ष), गणेश (25 वर्ष), उमेश (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की शिनाख्त की जा रही है।
घायलों में नंदा बल्लभ, राकेश कुमार, नंदा देवी, हंसी सती, मोहित सती, बुद्धिबल्लभ भगत, हरीश चंद्र, भूपेंद्र सिंह अधिकारी, जितेंद्र रेखाड़ी, बस चालक नवीन चंद्र तिवारी, हिमांशु पालीवाल और प्रकाश चंद्र शामिल हैं।
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि सल्ट तहसील क्षेत्र में बीते 14 महीनों के भीतर यह दूसरा बड़ा बस हादसा है। इससे पहले नवंबर 2024 में मारचूला के पास हुए बस हादसे में 36 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।