तहसील क्षेत्र के ग्राम आरा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक दिव्यांग दंपती ने गांव के कुछ लोगों पर उत्पीड़न और बुनियादी सुविधाओं से वंचित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित दंपती तहसील मुख्यालय पहुंचा और अपनी आपबीती प्रशासन के सामने रखी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम आरा निवासी 75 वर्षीय दिव्यांग दल्लू दास और उनकी पत्नी सल्लो देवी तहसील कार्यालय पहुंचे और कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठकर अपनी समस्या बताई। उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने उन्हें देखकर तुरंत बातचीत की और उनकी शिकायत सुनी।
दंपती का आरोप है कि गांव के कुछ ग्रामीण लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। इतना ही नहीं, सार्वजनिक नल से पीने का पानी लेने पर भी रोक लगा दी गई है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल को मौके पर भेजकर तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।