रुद्रपुर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में गदरपुर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। गदरपुर थाना पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी प्लेटफॉर्म की मदद से आरोपी तक सफलता पूर्वक पहुंचा।

पुलिस के अनुसार 19 मई को पीड़ित के पिता ने तहरीर दी थी कि 17 मई को वह पत्नी के साथ घर से बाहर गए थे। जब घर लौटे तो उनकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं थी। जांच के दौरान पिता को विवेक दास नामक आरोपी का फोन आया, जिसमें उसने बेटी उसके पास होने की जानकारी दी और तलाश न करने की धमकी दी।
इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कर व्यापक जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने लगभग 2000 किलोमीटर तक पीछा किया और पश्चिम बंगाल व अयोध्या में कई जगह दबिश दी। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
कुछ दिन पहले पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद गदरपुर पुलिस अयोध्या के रामपुर हेलवारा पोस्ट-सरारासी, निर्माणाधीन एनएच के पास पहुंची और विवेक दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।