Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
पिथौरागढ़: घाट क्षेत्र में टनकपुर–तवाघाट हाईवे पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दंपति की जान चली गई। मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास कार (UK 06 AZ 8788) अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश कुमार और उनकी 26 वर्षीय पत्नी निधि आर्या की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्तेदारी की बारात से लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा और दुर्गम भूभाग राहत कार्य में बड़ी बाधा बने। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर पुलिस को सौंपा गया। घाट चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) टकाना, पिथौरागढ़ में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि निधि आर्या रानीखेत में सरकारी सेवा में तैनात थीं। दोनों गंगोलीहाट क्षेत्र में आयोजित पारिवारिक समारोह में शामिल होने के बाद लोहाघाट से पिथौरागढ़ लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।