Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
नैनीताल: होली के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मस्ती के नाम पर जबरन रंग लगाने, राहगीरों से बदसलूकी करने और सड़कों पर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए। नशे में धुत होकर हंगामा करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और “नो वर्क, नो पे” नीति लागू की जाएगी।
कोतवाली सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पिकेट, मोबाइल गश्त और पैदल गश्त को बढ़ाया गया है, जबकि महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होली को आपसी भाईचारे, सम्मान और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन से बचें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।