काशीपुर, उधम सिंह नगर: बीते दिन खनन सामग्री से लदे ट्रक ने बाइक सवार एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया और क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात पैदा हो गए।

देर रात तक सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान नेता विपक्ष यशपाल आर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने में शामिल होकर प्रशासन पर कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए।
कई घंटों तक जारी हाईवोल्टेज स्थिति के बाद पुलिस ने ओवरलोड खनन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद नेता विपक्ष ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों में पांच मौतें हुई हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने खनन कारोबार पर सरकार की शह होने का आरोप भी लगाया और कहा कि अधिकारियों की संवेदनशीलता समाप्त हो चुकी है।
घटना के दौरान गुस्साए लोगों ने हादसे का कारण बने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। नेता विपक्ष ने चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही और माफिया गठजोड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।