
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार कर वसूली प्रणाली को और मजबूत व आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य कर विभाग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से SGST और VAT जैसे टैक्स की वसूली को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
विभाग के 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। इससे टैक्स कलेक्शन में पारदर्शिता और तेजी आने की उम्मीद है।
टेक्नोलॉजी से टैक्स सिस्टम में आएगा सुधार
राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त आईएस बृजवाल ने बताया कि विभाग पहले से ही टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन अब बदलते दौर के साथ AI आधारित मॉड्यूल अपनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसका खाका तैयार कर लिया गया है।
पहले तीन महीनों में मिले अच्छे परिणाम
वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही टैक्स वसूली के अच्छे संकेत सामने आए हैं:
-
SGST से अब तक 2,457 करोड़ रुपये वसूले गए हैं, जो वार्षिक लक्ष्य का 22% है।
-
VAT से 658 करोड़ रुपये की वसूली हुई, यानी 26% लक्ष्य हासिल।
-
कुल मिलाकर विभाग अब तक 23% टैक्स संग्रह कर चुका है।
13,722 करोड़ रुपये का लक्ष्य
इस वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार ने 13,722 करोड़ रुपये टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया है:
-
11,221 करोड़ SGST से
-
2,501 करोड़ VAT से
पिछले साल का लक्ष्य 12,703 करोड़ रुपये था, जिसमें विभाग ने 93% वसूली की थी। VAT वसूली तो लक्ष्य से भी ज्यादा यानी 102% रही थी।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि,
“हमारी मंशा है कि टैक्स सिस्टम पारदर्शी और आधुनिक हो, ताकि अधिक से अधिक राजस्व जुटाकर उसे जनता की भलाई में लगाया जा सके।”