नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने थार वाहन से स्टंटबाजी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने थार को सीज करते हुए आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

घटना शनिवार रात की है, जब हल्द्वानी–नैनीताल रोड पर शहीद पार्क के पास एक युवक थार वाहन से तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट करता नजर आया। अंधेरे में टायरों की तेज आवाज और अनियंत्रित ड्राइविंग से आसपास के लोग परेशान हो गए, वहीं सड़क से गुजर रहे राहगीरों में भी भय का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो जैसे ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी के संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और देर रात आरोपी को थार वाहन सहित हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ब्रह्मजोत सिंह पुत्र सुशांत सिंह, निवासी उदयपुर दौलतपुर, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल बताया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में थार को सीज कर दिया है, जबकि आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्टंटबाजी, अराजकता और कानून तोड़ने जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर आम नागरिकों की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।