मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सगाई से पहले दुल्हन के पिता और दूल्हे की मां के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने परिवारों को छोड़कर साथ रहने का फैसला किया और सगाई से पहले ही फरार हो गए।

मामला उजागर तब हुआ जब 45 वर्षीय महिला आठ दिन से लापता पाई गई। बड़नगर रोड स्थित ऊंटवासा गांव की इस महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके बेटे ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की और गुरुवार को महिला को चिकली गांव से बरामद किया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला के बेटे की शादी उसी गांव के एक किसान की बेटी से तय थी।
दोनों परिवारों में सगाई की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी दौरान दुल्हन के पिता और दूल्हे की मां के बीच नजदीकियां बढ़ीं। सगाई से पहले ही दोनों घर छोड़कर भाग गए। आठ दिन बाद पुलिस ने जब उन्हें ढूंढ निकाला, तो दोनों ने साफ कहा कि अब वे परिवारों से अलग होकर साथ रहना चाहते हैं।
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जो कभी समधी-समधन बनने वाले थे, अब खुद को पति-पत्नी बताकर समाज की परवाह किए बिना अपने रिश्ते को निभाने पर अड़े हैं।