हल्द्वानी। साइबर ठगों का नया तरीका सामने आया है। जज फार्म निवासी वरिष्ठ नागरिक उमेश का बैंक खाता हैक कर ठगों ने 22.93 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें अनजान नंबर से उनके व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एपीके फाइल भेजी गई। फाइल खोलते ही मोबाइल हैक हो गया और उनके खाते से रकम ट्रांसफर कर दी गई।

उमेश ने बताया कि उनका बचत खाता एचडीएफसी बैंक, बरेली रोड शाखा में है। 14 दिसंबर को उनके मोबाइल पर ड्रीम 11 के ओटीपी और मैसेज आए। कुछ दिन बाद जब उन्होंने बैंक खाते की जांच की, तो पता चला कि 12 से 14 दिसंबर के बीच उनके एफडी की 21 लाख रुपये समेत कुल 22.93 लाख रुपये साइबर ठगों ने ट्रांसफर करवा दिए। उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल कर खाता लॉक कराया।
जांच में यह भी सामने आया कि 9 दिसंबर को उनके व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आरटीओ चालान के नाम से एपीके फाइल भेजी गई थी, जिससे मोबाइल हैक हुआ।
मेल आईडी में छेड़छाड़:
साइबर ठगों ने पीड़ित के बैंक में रजिस्टर्ड मेल आईडी में भी बदलाव किया। umesh87002@gmail.com को बदलकर shap76487@gmail.com कर दिया गया और पैसे अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अनजान लिंक या एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने की चेतावनी दी है।