रूसी तकनीकी टीम ने की मार्किंग और क्वालिटी टेस्ट, ऊधम सिंह नगर जिले में बना इंटरनेशनल ट्रैक
रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जनपद के लिए शुक्रवार का दिन खेल जगत में ऐतिहासिक साबित हुआ। रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में 15 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला 400 मीटर का 8-लेन सिंथेटिक ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। इस अत्याधुनिक ट्रैक से जिले के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के एथलीट्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध होगी।

वैश्विक मानकों के अनुरूप निर्माण
ट्रैक को पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसकी मार्किंग और गुणवत्ता परीक्षण रूस की विशेषज्ञ टीम की देखरेख में कराए गए, ताकि ट्रैक वैश्विक प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप हो। निर्माण कार्य पेयजल निर्माण निगम द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।

स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा लाभ
अब तक राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास के लिए देहरादून या अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता था। नई सुविधा से ऊधम सिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपने जिले में ही पेशेवर माहौल मिलेगा। सिंथेटिक ट्रैक पर प्रशिक्षण से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार, चोट की संभावना में कमी और प्रतिस्पर्धात्मक दक्षता में वृद्धि होगी।

बैडमिंटन हॉल का भी होगा उद्घाटन
स्टेडियम परिसर में बने बैडमिंटन इंडोर हॉल का भी जल्द शुभारंभ प्रस्तावित है। इसके नवीनीकरण पर करीब तीन करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिससे बैडमिंटन खिलाड़ियों को आधुनिक अभ्यास और प्रतियोगिता आयोजन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
खेल अवसंरचना पर सरकार का फोकस
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और प्रतिभाओं को मंच देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह सिंथेटिक ट्रैक युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा और उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान दिलाएगा।