Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रुद्रपुर। बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना ने शुक्रवार को पुलिस महकमे में अफरातफरी मचा दी। आपातकालीन सेवा 112 पर मिली इस सूचना को गंभीर मानते हुए कंट्रोल रूम ने तुरंत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान के लिए रवाना हुई और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

उपनिरीक्षक जीवन राम अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस ने कॉलोनी में घर-घर जाकर पूछताछ की। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई और आसपास के मकानों की भी जांच की गई, लेकिन किसी भी तरह की हत्या की पुष्टि नहीं हुई। काफी देर तक छानबीन के बाद स्पष्ट हो गया कि सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कॉल हल्द्वानी क्षेत्र से की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार कॉलर नशे की हालत में था। जब पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क साधने की कोशिश की, तो फोन स्विच ऑफ मिला।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए कॉलर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि झूठी सूचनाएं पुलिस के संसाधनों की बर्बादी करती हैं और वास्तविक आपात स्थितियों पर असर डाल सकती हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की पहचान कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।