
रुद्रपुर। विकास खंड रुद्रपुर में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय सिंह, कनिष्ठ उप प्रमुख भारती देवी और सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। ब्लॉक सभागार खचाखच भरा रहा और कार्यक्रम में जनता व जनप्रतिनिधियों का जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम को शपथ दिलाकर की। इसके बाद ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख को शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात ब्लॉक प्रमुख ने सभी नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सामूहिक शपथ ग्रहण कराई।
मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि यह लोकतंत्र का पर्व है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पंचायत और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि नव निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र को प्रगति की राह पर आगे बढ़ाएंगे।
विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि यह रुद्रपुर के लिए नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जो विकास की गति बनी है, उसे नए प्रतिनिधि गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में जनता ने तालियों और नारों के साथ नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का स्वागत किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन देने का संकल्प दोहराया। ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने उपस्थित सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि जनभागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के बल पर क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
समारोह में खंड विकास अधिकारी आशीत आनंद, सहायक खंड विकास अधिकारी डीके पंत, पालिकाध्यक्ष सचिन शुक्ला, भाजपा पदाधिकारी मयंक तिवारी, गोल्डी गोराया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।