रुद्रपुर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संपत्ति विवाद से परेशान एक महिला हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला को इस हालत में देखकर कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस कर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोक लिया गया।

आवास विकास क्षेत्र की रहने वाली महिला का अपने देवर से लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि उसका देवर करीब 28 वर्षों तक उसके घर में रहा, इसके बाद उसने दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अपने-अपने मकान बना लिए। तीन वर्ष पूर्व वह अपने परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप स्थित घर में रहने लगा, लेकिन अब वह आवास विकास स्थित मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।
पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार को उसे आवास विकास चौकी बुलाया गया था। आरोप है कि जब वह चौकी पहुंची, उसी दौरान देवर ने स्थानीय पार्षद और पुलिस की मौजूदगी में विवादित मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। इससे आहत महिला ने पुलिस प्रशासन से न्याय और मकान पर कब्जा दिलाने की मांग की, लेकिन समाधान न मिलने पर उसने आत्महत्या की चेतावनी दी।
इसी आक्रोश में महिला पेट्रोल की बोतल लेकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत पेट्रोल की बोतल महिला के हाथ से ले ली और उसे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के समक्ष पेश किया। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद महिला शांत हुई और अपने घर लौट गई।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर महिला द्वारा शिकायत की गई है। मामला न्यायालय में लंबित है। पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी और आवास विकास चौकी प्रभारी को दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।