Haridwar में सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की शिकायत पर पुलिस ने यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पांच लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने के आरोप से जुड़ा है।

शिवालिक नगर स्थित ड्रग विभाग कार्यालय में तैनात अनीता भारती ने रानीपुर कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 26 फरवरी को कैश खुराना ने फेसबुक पर उनके खिलाफ रिश्वत लेने संबंधी पोस्ट साझा की। पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें टैग कर विभिन्न टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी सरकारी और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। उन्होंने इसे उनकी छवि खराब करने की सुनियोजित कोशिश बताया है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की सहायता से पोस्ट की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।
दूसरी ओर, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष को निशाना नहीं बनाया और अब मामला न्यायालय में तय होगा, जहां वे अपना पक्ष रखेंगे।
इस संबंध में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की विधिवत जांच जारी है।