
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया है। यह ऐतिहासिक सम्मान उन्हें नामीबिया की राष्ट्रपति नेतुम्बो नंदी-डैतवाह ने एक विशेष समारोह में प्रदान किया। यह पहला मौका है जब किसी भारतीय नेता को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है, जो भारत और नामीबिया के रिश्तों में एक नई मजबूती की शुरुआत मानी जा रही है।
सम्मान 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित
इस सम्मान को स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के 1.4 अरब नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा,
“मैं लोकतंत्र की जननी भारत का प्रतिनिधि बनकर यहां खड़ा हूं और इस सम्मान के लिए आप सभी का हृदय से धन्यवाद करता हूं। मैं भारत के करोड़ों लोगों की शुभकामनाएं आपके देश में लेकर आया हूं।”
पीएम मोदी ने नामीबिया की राष्ट्रपति और वहां की जनता का आभार जताया। इस अवॉर्ड का नाम वेल्वित्शिया मिराबिलिस नामक एक दुर्लभ पौधे पर आधारित है, जो केवल नामीबिया में पाया जाता है।
भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा
यह प्रधानमंत्री मोदी का अब तक का 27वां अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान है। हाल ही में उन्होंने पांच देशों की यात्रा की है, जिनमें से यह चौथा और पिछले 24 घंटों के भीतर दूसरा पुरस्कार है। यह न सिर्फ पीएम मोदी की कूटनीतिक सक्रियता का प्रमाण है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख का भी परिचायक है।
इन देशों ने भी पीएम मोदी को सम्मानित किया है:
देश | सम्मान का नाम |
---|---|
नामीबिया | ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस |
ब्राजील | ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द साउदर्न क्रॉस |
त्रिनिदाद और टोबैगो | ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक |
घाना | ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना |
साइप्रस | ऑर्डर ऑफ मकारियोस III |
श्रीलंका | मित्र विभूषणा |
मॉरीशस | ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन |
कुवैत | ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर |
सूडान | ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस |
बारबाडोस | ऑर्डर ऑफ फ्रीडम |
डोमिनिका | डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर |
नाइजर | ऑर्डर ऑफ द नाइजर |
रूस | ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल |
भूटान | ऑर्डर ऑफ सियालपो |
फ्रांस | ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजियन ऑफ ऑनर |
ग्रीस | ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर |
मिस्र | ऑर्डर ऑफ द नाइल |
फिजी | ऑर्डर ऑफ फिजी |
पापुआ न्यू गिनी | ऑर्डर ऑफ लॉगोहु |
पवाउ | अबाकी अवार्ड |
मालदीव | निशान इज्जुद्दीन |
अमेरिका | लीजन ऑफ मेरिट |
बहरीन | किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां |
अफगानिस्तान | ऑर्डर ऑफ घाजी अमीर अमानुल्लाह खान |
सऊदी अरब | किंग अब्दुलअजीज साश |
संयुक्त अरब अमीरात | ऑर्डर ऑफ जायद |
फलस्तीन | स्टेट ऑफ फलस्तीन अवार्ड |