Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों, नगर निकायों और संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, संग्रहण और रीसाइक्लिंग को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने पूर्व में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इस बार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने डिपॉजिट रिफंड स्कीम को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया, ताकि यात्री प्लास्टिक बोतलें, पैकेजिंग सामग्री और अन्य कचरा निर्धारित स्थानों पर वापस जमा कर सकें और उन्हें प्रोत्साहन मिल सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों, ढाबा मालिकों और अन्य संबंधित पक्षों को स्वच्छता अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए क्यूआर कोड, साइन बोर्ड, होर्डिंग्स, टिकटों पर संदेश, सार्वजनिक उद्घोषणाएं और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यमों के जरिए “स्वच्छ यात्रा–सुरक्षित पर्यावरण” का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
डीएम ने यात्रा मार्ग पर संचालित होटलों और प्रतिष्ठानों के लिए स्टार रेटिंग और ग्रीन बैजिंग जैसी प्रोत्साहन योजनाएं लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के कड़ाई से पालन पर बल देते हुए डंडी-कंडी, घोड़ा-खच्चर संचालकों को भी स्वच्छता जागरूकता अभियान से जोड़ने की बात कही, ताकि चारधाम यात्रा को हर स्तर पर स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाया जा सके।