प्रसिद्ध हिंदू संत प्रेमानंद महाराज इन दिनों गंभीर किडनी रोग से जूझ रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के एक मुस्लिम युवक ने ऐसा कदम उठाया है, जिसने इंसानियत और हिंदू-मुस्लिम एकता की अनोखी मिसाल पेश कर दी है।

इटारसी के आरिफ खान का बड़ा फैसला
नर्मदापुरम जिले के इटारसी के रहने वाले 26 वर्षीय आरिफ खान चिश्ती ने संत प्रेमानंद महाराज को अपनी एक किडनी दान करने की पेशकश की है। उन्होंने कलेक्टर सोनिया मीणा के जरिए संत को पत्र भेजते हुए लिखा—
“मैं जीवित रहूं या न रहूं, लेकिन आपका जीवन समाज के लिए बहुत अनमोल है। कृपया मेरी यह छोटी सी भेंट स्वीकार करें।”
“नफरत के दौर में प्रेमानंद जी उम्मीद की किरण”
आरिफ खान ने पत्र में लिखा कि मौजूदा नफरत भरे माहौल में प्रेमानंद महाराज जैसे संत समाज को प्रेम और भाईचारे से जोड़ रहे हैं। पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा—
“प्रेमानंद महाराज के शब्द नफरत के खिलाफ एंटीबायोटिक की तरह हैं। उनके प्रवचनों से मैं बेहद प्रभावित हूं।”
परिवार और शिक्षा
आरिफ खान ने हाल ही में शादी की है। उनके परिवार में पिता और तीन बड़े भाई हैं। उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है।
संत प्रेमानंद महाराज की हालत
वृंदावन स्थित आश्रम में रहने वाले प्रेमानंद महाराज इन दिनों गंभीर रूप से बीमार हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं और वह इलाज करा रहे हैं।