आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र ने नगला बेर में मंगलवार रात को बेटे ने शराब के लिए रुपये नहीं देने पर मां की डंडा मारकर ह’त्या कर दी थी। पुलिस ने जब उसे पकड़ा, वो नशे की हालत में था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह नशा उतर जाने पर पुलिस ने उसे मां की मौत के बारे में बताया तो फूट-फूटकर रोया।
नगला बेर निवासी जयदेवी (60) की घर में परचून की दुकान थी। पति मुन्नालाल गार्ड हैं। बेटा पंकज कुछ काम नहीं करता। नशे का आदी है। उसे पत्नी छोड़कर चली गई है। मंगलवार शाम को मुन्नालाल काम पर गए थे। बेटा पंकज घर में था। मां ने उसे जगाया तो वह उनसे शराब के लिए रुपये मांगने लगा। मना करने पर झगड़ा करने लगा। इस पर मां डंडा ले आई। पंकज ने मां से डंडा छीन लिया और सिर में मार दिया। मां के गिरने पर वो घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद लौटा। जयदेवी फर्श पर पड़ी थीं। सिर से खून बह रहा था। वह रोने लगा। पड़ोसी पहुंचे तो जयदेवी की मौत होने का पता चला।
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि आरोपी बेटा नशा उतरने पर रोने लगा। यही कह रहा था कि उसने क्या कर दिया। वह कभी ऐसा नहीं करना चाहता था। वह खुद को भी नुकसान पहुंचाना चाहता था। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ा। अब बृहस्पतिवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
पुलिस को परिजन ने बताया कि आठ साल पहले पंकज के सिर में चोट लगी थी। उसका इलाज चला था। वह कई बार गुस्सा करने लगता था। शराब के लिए परेशान रहता था। वह मां से रुपये मांगता था। नहीं देने पर झगड़ने लगता था। घटना के समय भी पड़ोसियों को आवाज आ रही थीं। मगर, रोजाना का झगड़ा समझकर कोई अंदर नहीं गया।