
बिहार की राजनीति में चुनावी गर्मी अभी से महसूस की जा रही है। 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले यूट्यूबर से नेता बने मनीष कश्यप ने बड़ा सियासी कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़ दिया है और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (Jan Suraaj) में शामिल हो गए हैं।
जन सुराज पार्टी ने मनीष कश्यप के पार्टी जॉइन करने की जानकारी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की, जिसमें प्रशांत किशोर और मनीष कश्यप की तस्वीरें भी शामिल थीं।
“जन सुराज ही बिहार को सुरक्षित बना सकता है”
जन सुराज का हिस्सा बनने के बाद मनीष कश्यप ने कहा:
“बिहार की सच्चाई अब किसी से छुपी नहीं है। यहां कोई भी सुरक्षित नहीं है। अगर बिहार को सुरक्षित बनाना है, तो जन सुराज की सरकार लानी होगी।”
मनीष ने एक्स पर एक प्रेरणादायक कविता भी पोस्ट की:
“बुझी हुई आश जलाएंगे हम,
घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम,
पलायन का दर्द मिटाएंगे हम,
फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।”
कौन हैं मनीष कश्यप?
मनीष कश्यप एक मशहूर यूट्यूबर हैं, जिनके चैनल पर करीब 1 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। वे पहली बार तब सुर्खियों में आए थे जब उन्हें तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों से जुड़ा कथित फर्जी वीडियो पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
BJP से क्यों तोड़ा रिश्ता?
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले मनीष कश्यप बीजेपी में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। इसके बाद पिछले महीने उन्होंने वीडियो जारी कर भाजपा से इस्तीफा दे दिया।
कश्यप का आरोप था:
“BJP ने मुझे केवल इस्तेमाल किया और बाद में पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।”