रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल अस्पताल में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डॉक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर पर मारपीट के एक मामले में लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट तैयार करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर आभास सिंह का लगभग एक माह पहले मसूरी से रुड़की सिविल अस्पताल में स्थानांतरण हुआ था। शनिवार रात वह अस्पताल की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने अस्पताल परिसर में जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
विजिलेंस टीम ने बताया कि आरोपी डॉक्टर ने मारपीट में घायल एक व्यक्ति से लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट बनाने के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद पूरी योजना तैयार की गई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रुपये देने के लिए अस्पताल के ब्लड बैंक के पास बुलाया गया।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 20 हजार रुपये डॉक्टर को सौंपे, विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम डॉक्टर को उनके सरकारी आवास लेकर गई, जहां तलाशी ली गई और आवश्यक दस्तावेज जुटाए गए। डॉक्टर से काफी देर तक पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लेकर देहरादून ले जाया गया।
इस मामले में जब रुड़की सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल से प्रतिक्रिया लेने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन कॉल रिसीव नहीं किया।