Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रुद्रपुर/जसपुर: विकासखंड जसपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सूतमिल में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार त्यागी के खिलाफ गंभीर आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षक ने कथित तौर पर नशे की हालत में बीईओ कार्यालय पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलने की कोशिश की और कार्यालय परिसर में अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जांच समिति गठित की थी।
जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय सितारगंज से संबद्ध किया गया है।
शिक्षक पर विद्यालय समय में अनुपस्थित रहते हुए फर्जी उपस्थिति दर्ज कराने, कार्यालय समय के बाद उप शिक्षा अधिकारी जसपुर कार्यालय में अनधिकृत रूप से मौजूद रहने, सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ कर साक्ष्य प्रभावित करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप भी लगे हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।