उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है।

यह हादसा काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक गांव के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। गांव निवासी जयपाल सिंह (लगभग 60 वर्ष) बाइक से किसी कार्य से निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खनन सामग्री से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जयपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतक की पहचान होते ही इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए ट्रक संख्या UP21 CT 6334 को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में ट्रक जलकर राख होने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस और काशीपुर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि मृतक जयपाल सिंह दूध का व्यवसाय करता था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।