
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला महिला अस्पताल में भर्ती एक महिला शमा परवीन ने डॉक्टर पर धर्म के आधार पर इलाज से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। शमा का कहना है कि डॉक्टर ने यह कहते हुए उसका इलाज करने से मना कर दिया कि वह मुस्लिम है। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जौनपुर के चंदवक इलाके की रहने वाली 27 वर्षीय शमा परवीन को 30 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हुई। इसके बाद उन्हें जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शमा ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने न केवल उनका चेकअप करने से इनकार किया, बल्कि वहां मौजूद एक और मुस्लिम महिला मरीज को भी देखने से मना कर दिया।
शमा ने बताया कि डॉक्टर ने अस्पताल स्टाफ से कहा – “इसको ऑपरेशन थिएटर में मत ले जाना, मैं इसे नहीं देखूंगी।”
वाइरल विडिओ
UP: जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र का मामला. शमा परवीन को मंगलवार शाम अचानक प्रसव पीड़ा हुई. परिजन आनन–फानन में उसे जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे.
शमा परवीन को भर्ती भी कर लिया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि कई घंटों तक बेड पर तड़पती रही, बावजूद इसके ड्यूटी पर तैनात महिला… pic.twitter.com/Xa6sHK9DKG
— NDTV India (@ndtvindia) October 3, 2025
पति ने भी लगाए गंभीर आरोप
शमा परवीन के पति मोहम्मद नवाज ने भी डॉक्टर पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने साफ कहा, “महिला मुसलमान है, इसे कहीं और ले जाओ, मैं इलाज नहीं करूंगी।”
नवाज के मुताबिक, उसी वार्ड में अन्य मरीजों का इलाज किया गया, लेकिन सिर्फ मुस्लिम महिलाओं को अनदेखा किया गया।
जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) महेंद्र गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलते ही संबंधित डॉक्टर और स्टाफ से जवाब तलब किया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच समिति गठित कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।