मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि जवान करीब दो महीने पहले ही पिथौरागढ़ से मसूरी में ड्यूटी पर आया था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, यूनिट 14 पिथौरागढ़ में तैनात कांस्टेबल चेतराम मीणा (38), पुत्र राम फल मीणा, निवासी ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा (राजस्थान) ने अपने कमरे की खिड़की के कुंडे में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को फंदे से उतारकर अस्पताल भेजा।
बताया जा रहा है कि इससे पहले जुलाई 2025 में भी पिथौरागढ़ में एक जवान द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।