उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रानीपुर क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। कॉलोनी के कुछ लोगों ने शक के आधार पर महिला को पहले बिजली के खंभे से बांधा और फिर मारपीट की, जबकि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।

वीडियो में महिला दर्द से कराहती दिखाई दे रही है और खुद को बचाने की कोशिश कर रही है, जबकि आरोपी उसे गालियां देते हुए पीट रहे हैं। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़िता के परिवार और पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और कॉलोनी की ही रहने वाली है। महिला के बेटे ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 5:45 बजे उसकी मां टहलने निकली थीं और रास्ता भटककर किसी अन्य व्यक्ति के घर में चली गईं। इस पर कॉलोनी के कुछ लोग गुस्से में आ गए और बिना स्थिति समझे महिला को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया। आरोप है कि उसके साथ लात-घूंसे और डंडों से मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
घटना के बाद महिला के स्वजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। महिला को गंभीर चोटों और मानसिक आघात की स्थिति में तुरंत महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि महिला के बेटे की तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें पांच आरोपी नामजद हैं और एक महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी अभय सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है, विशेषकर मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के मामले में।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम जनता में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर महिला किसी अन्य घर में चली भी गई थी, तो पुलिस को सूचित किया जाना चाहिए था, भीड़ बनाकर सजा देना मानवता के खिलाफ है। पुलिस ने कहा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।