
उत्तराखंड में पर्यटन और नागरिक सुविधा को बढ़ावा देने के लिए पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और धारचूला के लिए हेली सेवा 1 अक्टूबर से शुरू की जाएगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की मंजूरी के बाद हैरिटेज एविएशन ने हवाई सेवा के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अगस्त में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से प्रदेश में उड़ान योजना के तहत हेली सेवा विस्तार का आग्रह किया था। इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और धारचूला के लिए हेली सेवा का संचालन हैरिटेज एविएशन को सौंपा।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि इस सीमावर्ती जिले में हेली सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को हवाई सेवा का लाभ भी मिलेगा।