हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में नोट छापने की मशीन का झांसा देकर एक महिला से 9 लाख 30 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लाल मंदिर कॉलोनी निवासी संतरी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी और ठेली लगाकर परिवार चलाती हैं। उनके पति राधेश्याम का दो वर्ष पहले निधन हो चुका है। महिला के मुताबिक, मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी गुलाम का उनके घर आना-जाना था। 26 जनवरी को वह अपने साथियों बाबू और गगन के साथ उनके घर पहुंचा।
तीनों ने दावा किया कि उनके पास नोट छापने की मशीन और कच्चा माल है। उन्होंने जादू के जरिए नोट छापने और मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। महिला और उसके बेटों को लालच देकर मशीन खरीदने के नाम पर पैसे ऐंठे गए।
शिकायत के अनुसार, 30 जनवरी की रात जटवाड़ा पुल के पास 4.30 लाख रुपये नकद दिए गए। अगले दिन 3 लाख रुपये और ले लिए गए। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये से अधिक की रकम एक यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर करवाई गई। महिला ने बताया कि उसने जेवर बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर यह रकम जुटाई थी।
जब काफी समय बाद भी आरोपियों ने कोई मशीन या रकम वापस नहीं दी और फोन उठाना बंद कर दिया, तब ठगी का पता चला। इसके बाद महिला के बेटों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नोट छापने, पैसे दोगुना करने या चमत्कारिक निवेश जैसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।