नैनीताल जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र के गजेपुर गांव में सोमवार देर रात एक खनन व्यवसायी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

विवाद के बाद चली गोली
पुलिस के अनुसार, कमलेश बेलवाल अपनी मां, पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ समय बाद परिजनों ने गोली चलने की आवाज सुनी। कमरे में पहुंचने पर वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।
परिजन उन्हें तत्काल हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू तनाव की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्र कर रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।