हल्द्वानी: SDM की तैनाती नहीं होने पर कांग्रेस विधायक का धरना, जताया विरोध
हल्द्वानी में एसडीएम की तैनाती और न्यायिक कार्यों के नियमित संचालन को लेकर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों के साथ उन्होंने एसडीएम कोर्ट परिसर में धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

लंबे समय से एसडीएम कोर्ट में न्यायिक कार्य प्रभावित होने को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश इस दौरान खुलकर सामने आया। विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी ने कोर्ट परिसर में जमीन पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया। बताया गया कि एसडीएम राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से हल्द्वानी एसडीएम कोर्ट का संचालन नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है। न्यायिक अधिकारी की स्थायी तैनाती न होने से कई मामलों की सुनवाई लगातार टल रही है।
कोर्ट के कामकाज पर पड़े असर से अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे मामलों में भी लोगों को बार-बार तारीख दी जा रही है, जिससे न्याय प्रक्रिया में देरी हो रही है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी एसडीएम कोर्ट क्षेत्र की एक अहम न्यायिक इकाई है, जहां रोज बड़ी संख्या में लोग न्याय की उम्मीद लेकर आते हैं। कोर्ट का नियमित संचालन न होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है और न्याय व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया है। विधायक ने हल्द्वानी में शीघ्र नए एसडीएम की तैनाती की मांग करते हुए कहा कि इससे कोर्ट का कामकाज फिर से सुचारू हो सकेगा।
वहीं, पार्षद रवि जोशी ने कहा कि न्यायिक कार्य ठप होने से क्षेत्र की जनता में गहरा रोष है। लोग अपने जरूरी कार्य छोड़कर कोर्ट पहुंचते हैं, लेकिन सुनवाई न होने के कारण निराश होकर लौटना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।