मसूरी/नैनीताल। नववर्ष के अवसर पर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी और नैनीताल में जश्न का माहौल देखने को मिला। 31 दिसंबर की रात से लेकर नए साल के पहले दिन तक देश-विदेश से आए हजारों पर्यटकों ने ठंड के बीच उत्साह और उल्लास के साथ नववर्ष का स्वागत किया। मसूरी के माल रोड, केम्पटी फॉल, गनहिल और लाइब्रेरी क्षेत्र देर रात तक रौनक से भरे रहे, जबकि नैनीताल में भी सरोवर नगरी और आसपास के इलाकों में सैलानियों की भारी भीड़ नजर आई।

नववर्ष पर मसूरी के होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे लगभग फुल रहे। सोशल मीडिया पर जाम और भीड़ की खबरों के चलते कुछ बुकिंग रद्द हुईं, लेकिन इसके बावजूद पर्यटन कारोबार संतोषजनक रहा। पर्यटकों के स्वागत में होटलों और रेस्टोरेंटों में विशेष पैकेज, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका सैलानियों ने जमकर आनंद लिया।
शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मसूरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज असवाल के नेतृत्व में माल रोड सहित प्रमुख क्षेत्रों में मार्च पास्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3 इंस्पेक्टर, 26 सब-इंस्पेक्टर, 60 कांस्टेबल और पीएसी की दो बटालियन तैनात रहीं। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों के चालान किए गए।

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि प्रशासन का प्रयास रहा कि पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव मिले। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, आकर्षक सजावट, ठंडी हवाओं के बीच पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू और रंगीन बाजारों ने मसूरी के नववर्ष जश्न को खास बना दिया। होटल रमाडा के महाप्रबंधक हर्षमणि सेमवाल ने भी कहा कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से नववर्ष आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
वहीं सरोवर नगरी नैनीताल और विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क क्षेत्र में भी नए साल का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने जंगल सफारी, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के बीच नए वर्ष का स्वागत किया। खास बात यह रही कि इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए प्लास्टिक मुक्त नए साल का संदेश दिया गया।

नैनीताल शहर के प्रमुख होटल—शेरवानी लॉज, विक्रम विंटेज, नैनी रिट्रीट और नमः रेडिएशन—में डीजे और लाइव म्यूजिक की धूम रही। कुमाऊंनी नृत्य, कठपुतली नृत्य, कपल डांस और बॉलीवुड गीतों पर देर रात तक सैलानी झूमते नजर आए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड पर संगीत के साथ-साथ ठंड से बचाव के लिए गैस हीटर की व्यवस्था भी की गई।
कुल मिलाकर, मसूरी और नैनीताल में नववर्ष का जश्न उत्साह, उमंग और सकारात्मक संदेशों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।