किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की जनता अब किसी भी तरह के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो विकास की स्पष्ट सोच के साथ समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ती है। वह सिसई में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

विधायक बेहड़ ने पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पूरे 10 वर्षों तक क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला, लेकिन मुस्लिम बहुल इलाकों को केवल वोट बैंक समझकर जनता को गुमराह किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान धरातल पर कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में न सड़कों का निर्माण हुआ, न नालियों का और न ही बुनियादी सुविधाओं पर गंभीरता दिखाई गई। इसके उलट उनके चार वर्षों के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्य आज जनता को साफ नजर आ रहे हैं।
तिलक राज बेहड़ ने लोगों से अपील की कि वे अभी से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करें और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रिजवान निक्की, निवर्तमान सभासद लियाकत अंसारी, राजेश प्रताप सिंह, गुलशन सिंधी, रामबाबू सिंह, दिलीप सिंह बिष्ट, मुर्तजा अंसारी, संतराम, जमालुद्दीन, महेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।