हल्द्वानी: शव सौंपने के बदले अतिरिक्त रकम मांगने के आरोप में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने चंदन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला तीन जनवरी का है, जिसमें पुलिस की दखल के बाद अस्पताल प्रशासन ने मृत महिला का शव उसके पति को सौंपा।

अल्मोड़ा जिले के गोलना करड़िया, धारानौला निवासी नंदन बिरौड़िया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी सीमा की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन जनवरी की शाम डॉक्टरों ने सीमा को रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें भोटियापड़ाव स्थित चंदन अस्पताल लेकर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, अस्पताल में भर्ती के समय 50 हजार रुपये नकद जमा कराए गए, जबकि करीब सात हजार रुपये विभिन्न चिकित्सकीय जांचों पर खर्च हुए। शाम करीब 6:30 बजे सीमा को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया। कुछ समय बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को बताया कि सीमा के हृदय ने काम करना बंद कर दिया है और उनकी मृत्यु हो चुकी है।
आरोप है कि इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव सौंपने से पहले 30 हजार रुपये अतिरिक्त देने की मांग की और कहा कि भुगतान होने पर ही शव दिया जाएगा। पीड़ित पक्ष की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर महिला का शव उसके पति नंदन को सौंपा गया।
कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर चंदन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3) के तहत जबरन वसूली का मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिला के पति की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।