बीजापुर (छत्तीसगढ़): बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में आज सुबह से सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पुलिस को जिले के उत्तर-पश्चिमी जंगलों और पहाड़ों में माओवादियों की सक्रियता की जानकारी मिली थी, जिसके बाद बीजापुर से संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हुए हैं और मौके से दो AK-47 हथियार बरामद किए गए हैं। बीजापुर पुलिस ने बताया कि यह अभियान नक्सली कमांडर पापा राव की सूचना पर चलाया जा रहा था।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच फायरिंग जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन अभी भी चल रहा है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा सकती, ताकि जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारी यह भी बता चुके हैं कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में हाल के नक्सल मुठभेड़ों का रिकॉर्ड
-
3 जनवरी 2026: सुकमा में 12 माओवादी ढेर
-
3 जनवरी 2026: बीजापुर, बासागुड़ा में 2 माओवादी ढेर
-
19 दिसंबर 2025: बीजापुर में 5 लाख के इनामी नक्सली ढेर
-
18 दिसंबर 2025: सुकमा में 3 माओवादी ढेर
-
3 दिसंबर 2025: गंगालूर में 18 नक्सली ढेर, 3 सुरक्षाकर्मी शहीद
-
12 नवंबर 2025: बीजापुर में 6 नक्सली ढेर
-
21 मई 2025: शीर्ष नक्सली नेता बसवराजू समेत 28 माओवादी ढेर
-
15 मई 2025: बीजापुर, कर्रेगुट्टा में 31 नक्सली ढेर
-
12 अप्रैल 2025: दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर 3 नक्सली ढेर
-
31 मार्च 2025: 45 लाख की इनामी महिला नक्सली ढेर