उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित नवीन मंडी गल्ला परिसर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक युवक और युवती को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।

सुबह मंडी में काम करने पहुंचे मजदूर और व्यापारी दोनों शव देखकर दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में कठिनाई हुई। कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। उनकी पहचान के लिए मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी जांचा जा रहा है। मृतकों के पास कुछ पहचान पत्र मिले हैं, जिनसे उनकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थानीय लोगों से घटना से संबंधित कोई भी जानकारी साझा करने की अपील की है। जांच में मामले के पीछे के कारणों का पता लगाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।