रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में बढ़ती ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि तराई क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है। ऐसे में बच्चों के आवागमन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा भी सोमवार को घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है।

जारी आदेश में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला पूरी तरह से छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने सभी तहसीलदारों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर आदेश की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित विद्यालय या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार आज हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जनपदों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में शीत दिवस जैसी स्थिति बनने के आसार हैं, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। राजधानी देहरादून में आंशिक बादल और कोहरा छाया रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।