जिले में पुलिस प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने छह पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ/डीएसपी) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनकी नई जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

आदेश के तहत पुलिस उपाधीक्षक विवेक सिंह कुटियाल को क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर नियुक्त किया गया है। वे प्रेमनगर सर्किल के अंतर्गत थाना प्रेमनगर, थाना सेलाकुई, गोपनीय शाखा, एलआईयू और पीएसी से जुड़े कार्यों की निगरानी करेंगे। साथ ही अगले आदेश तक उन्हें क्षेत्राधिकारी विकासनगर सर्किल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
रीना राठौर को क्षेत्राधिकारी डोईवाला बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में कोतवाली डोईवाला, थाना रायपुर, शिकायत जांच प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, होमिसाइड सेल, महिला हेल्पलाइन और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन सहित अन्य संबंधित इकाइयां शामिल रहेंगी।
वहीं स्वप्निल मुयाल को क्षेत्राधिकारी नगर की जिम्मेदारी दी गई है। वे कोतवाली नगर, थाना वसंत विहार, पुलिस लाइन सहित अन्य सौंपे गए कार्यों की देखरेख करेंगे।
नीरज सेमवाल को क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश नियुक्त किया गया है। उनके अधीन कोतवाली ऋषिकेश, थाना रायवाला और थाना रानीपोखरी रहेंगे।
इसके अलावा, जगदीश चंद्र पंत को क्षेत्राधिकारी यातायात बनाया गया है। वे यातायात व्यवस्था के साथ-साथ प्रधान लिपिक, भवन, आंकिक, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल/निवारण, स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट, ऑपरेशन स्माइल, ट्रैक मिसिंग चाइल्ड, हाईकोर्ट/समन सेल, लोक सूचना और सीसीओआर/डीसीओआर से जुड़े कार्यों की निगरानी करेंगे। साथ ही अग्रिम आदेशों तक उन्हें मसूरी सर्किल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।