Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून: नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस (NSO) में तैनात वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक टैक्स अधिवक्ता की शिकायत के बाद की गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वे अपने क्लाइंट बीएस इंडस्ट्रीज के कर मामलों की पैरवी कर रहे थे। कंपनी को Annual Survey of Industries (ASI) के तहत वार्षिक रिटर्न दाखिल करनी थी, जो सांख्यिकी विभाग के माध्यम से प्रक्रिया में लाई जाती है। आरोप है कि संबंधित कार्य को पूरा करने के बदले अधिकारी ने पांच हजार रुपये की अवैध मांग की।
बताया गया है कि आरोपी अधिकारी ने व्हाट्सएप पर एक मोबाइल नंबर भेजकर यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने को कहा था। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन चलाया और आरोपी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।