देहरादून: थाना रायपुर क्षेत्र के नेहरू ग्राम में मेहंदी समारोह के दौरान लापरवाही से फायरिंग का मामला सामने आया है। एक लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से समारोह में मौजूद एक युवती घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

समारोह में हथियार लेकर पहुंचा था आरोपी
मामले के अनुसार, नेहरू ग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर सोमवार रात मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित था। समारोह में आमंत्रित मेहमानों में धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी शामिल था, जो अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ लेकर पहुंचा था।
कॉकटेल पार्टी के दौरान डांस करते समय अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली कमल कुमार की साली नीलिमा यादव के पैर के अंगूठे के पास जा लगी। फायरिंग की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस युवती की शादी का समारोह था, आरोपी उसी के साथ डीएल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है और इसी परिचय के कारण कार्यक्रम में शामिल हुआ था।
ट्रिगर दबने से चला फायर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय अनजाने में ट्रिगर दब गया, जिससे गोली चल गई। प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से फायरिंग का प्रतीत हो रहा है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग और जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। साथ ही पिस्टल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।