उत्तराखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर इस बार हल्द्वानी में राज्य स्थापना दिवस का भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। यह ऐतिहासिक आयोजन 6 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगा।

तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सैनिक कल्याण एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च स्तर की हों। निरीक्षण के दौरान सचिव दीपेंद्र चौधरी, डीएम वंदना सिंह, और एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि रजत जयंती समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति की संभावना है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वीर माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उत्तराखंड की 25 वर्षीय विकास यात्रा, शहीदों के बलिदान, और राज्य की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा व महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों से जुड़ी झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
गणेश जोशी ने कहा कि राज्य की यह रजत जयंती हर उत्तराखंडी के लिए गर्व का क्षण है। पिछले ढाई दशकों में उत्तराखंड ने शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य और सैन्य सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और बैठने की व्यवस्था में कोई कमी न रहे। बताया जा रहा है कि समारोह में राज्य निर्माण में योगदान देने वाले समाजसेवियों, कर्मवीरों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।