Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की रणनीति का ऐलान किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आगामी तीन माह तक विधानसभा स्तर पर स्थानीय और जनहित के मुद्दों को लेकर जन-जागरण अभियान और धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे।

कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 16 फरवरी को कांग्रेस पार्टी राज्यपाल आवास का घेराव करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रवैये के खिलाफ होगा।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधे संवाद करेंगे और प्रदेश सरकार की गलत व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य में बढ़ता भ्रष्टाचार गंभीर चिंता का विषय बन चुका है और इसके चलते उत्तराखंड के अस्तित्व पर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में महिला अपराधों की बढ़ती घटनाओं को भी सरकार की विफलता बताया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और लोग बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।