विधानसभा में बजट सत्र पर आज सामान्य चर्चा का प्रस्ताव पेश करेंगे सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रश्नकाल में रेखा आर्या दे रही हैं सवालों के जवाब
उत्तराखंड के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार को शुरू हो गई। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ सदन की शुरुआत हुई, जिसमें विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से उनके विभागों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पास महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। प्रश्नकाल के दौरान इन विभागों से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा हुई।
सबसे पहले कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने चमोली के दशोली क्षेत्र में स्थित सेमलडाला मैदान, पेपलकोटी के विस्तार को लेकर सवाल उठाया। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल इस संबंध में कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
इसके बाद भाजपा विधायक सुरेश गड़िया ने नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के मुद्दे पर सवाल पूछा। वहीं डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से कम पंजीकरण को लेकर सरकार से जवाब मांगा। इस पर रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण और योजना के कुछ निर्धारित मानकों के कारण व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।
विधायक महेश जीना ने एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड के मानकों को लेकर सवाल उठाया। वहीं खेल और युवा कल्याण विभाग से जुड़े मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान रखा है।
इससे पहले मंगलवार को सदन में देर रात तक कानून व्यवस्था के मुद्दे पर नियम 58 के तहत चर्चा हुई थी। विपक्ष ने प्रदेश में हुई हत्याओं, अंकिता हत्याकांड सहित कई घटनाओं का मुद्दा उठाया था। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई है और शिकायतों के समाधान की दर में भी बढ़ोतरी हुई है।
आज की कार्यवाही के दौरान नियम 58 और विशेषाधिकार हनन के मुद्दे पर धारचूला विधायक हरीश धामी को भी सुना जाएगा। उन्होंने मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर सदन में हंगामा किया था।
इसी बीच विधानसभा भवन के अन्य कार्यों में उपयोग को लेकर मंत्री सतपाल महाराज के बयान पर विपक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं बल्कि उत्तराखंड के राज्य आंदोलन और जनता की भावनाओं का प्रतीक है, इसलिए इसे शादी या कॉरपोरेट आयोजनों के लिए इस्तेमाल करने का सुझाव निंदनीय है।
गैरसैंण विधानसभा भवन को शादी-बारात और वेडिंग/कॉरपोरेट डेस्टिनेशन बनाने का सुझाव अत्यंत निंदनीय है।
गैरसैंण केवल एक भवन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के संघर्ष, सपनों और राज्य आंदोलन की भावनाओं का प्रतीक है।
जिस स्थान को लोकतंत्र के मंदिर के रूप में स्थापित किया गया, उसे… pic.twitter.com/fe8FcuTUT7— Yashpal Arya (@IamYashpalArya) March 11, 2026
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान चंद्र सिंह की दुकान पर चाय पीते हुए लोगों से सरकार की योजनाओं पर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहाड़ी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रातःकाल भ्रमण के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान श्री चंद्र सिंह जी के प्रतिष्ठान पर चाय की चुस्कियों का आनन्द लिया और वहाँ उपस्थित स्थानीय लोगों के साथ आत्मीय संवाद कर सरकार की विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लिया।
हमारी सरकार का प्रयास इकोलॉजी और इकॉनमी के बेहतर… pic.twitter.com/QCQEQSOTxv
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 11, 2026